Saturday, November 9, 2013

वत्स गोत्र – उद्भव एवं विकास का इतिहास

वत्स गोत्र – उद्भव एवं विकास का इतिहास

पौराणिक पृष्भूमि

“भ्रिगुं, पुलत्स्यं, पुलहं, क्रतुअंगिरिसं तथा

मरीचिं, दक्षमत्रिंच, वशिष्ठं चैव मानसान्” (विष्णु पुराण 5/7)

भ्रिगु, पुलत्स्य, पुलह, क्रतु, अंगिरा, मरीचि, दक्ष, अत्रि तथा वशिष्ठ – इन नौ मानस पुत्रों को व्रह्मा ने प्रजा उत्पत्ति का कार्य भार सौंपा| कालान्तर में इनकी संख्या बढ़कर 26 तक हो गई और इसके बाद इनकी संख्या 56 हो गई| इन्हीं ऋषियों के नाम से गोत्र का प्रचलन हुआ और इनके वंशज अपने गोत्र ऋषि से संबद्ध हो गए|

हरेक गोत्र में प्रवर, गण और उनके वंशज(व्राह्मण) हुए| कुछ गोत्रों में सुयोग्य गोत्रानुयायी ऋषियों को भी गोत्र वर्धन का अधिकार दिया गया|

नौ मानस पुत्रों में सर्वश्रेष्ठ भृगु ऋषि गोत्रोत्पन्न वत्स ऋषि को अपने गोत्र नाम से प्रजा वर्धन का अधिकार प्राप्त हुआ| इनके मूल ऋषि भृगु रहे| इनके पांच प्रवर – भार्गव, च्यवन, आप्रवान, और्व और जमदग्नि हुए| मूल ऋषि होने के कारण भृगु ही इनके गण हुए| इनके वंशज(ब्राह्मण) शोनभद्र,(सोनभदरिया), बछ्गोतिया, बगौछिया, दोनवार, जलेवार, शमसेरिया, हथौरिया, गाणमिश्र, गगटिकैत और दनिसवार आदि भूमिहार ब्राह्मण हुए

लिखित साक्ष्य

छठी शदी ईशा पूर्व महाकवि वाणभट्ट रचित ‘हर्षचरितम्’ के प्रारंभ में महाकवि ने वत्स गोत्र का पौराणिक इतिहास साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत किया है| महाकवि वाणभट्ट के बारे में क्या कहना – “वाणोच्छिष्टम् जगत सर्वम्”| ‘वाण का छोड़ा हुआ जूठन ही समस्त जगत का साहित्य है’|
इस प्रचलित उक्ति से ही वाणभट्ट की विद्वता का पता चल जाता है| वाणभट्ट स्वयं वत्स गोत्रीय थे|

वाणभट्ट के अनुसार एक बार स्वर्ग की देव सभा में दुर्वासा ऋषि उपमन्यु ऋषि के साथ विवाद करते-करते क्रोधवश सामवेद गान करते हुए विस्वर गान (Out of Tune) गाने लगे| इसपर सरस्वती देवी हँस पड़ी| फिर क्या था; दुर्वासा ऋषि उनपर बरस पड़े और शाप दे डाला – ‘दुर्वुद्धे ! दुर्विद्ग्धे ! पापिनि ! जा, अपनी करनी का फल भोग, मर्त्यलोक में पतित होकर बस| स्वर्ग में तेरा स्थान नहीं|
इतना सुनकर सरस्वती देवी विलाप करने लगी| इसपर पितामह व्रह्मा ने दुर्वासा की बड़ी भर्त्सना की|
अनंतर अपनी मानसपुत्री सरस्वती पर द्रवीभूत होकर उससे कहा – ‘जा बेटी’ ! मर्त्यलोक में धैर्य धर कर जा, तेरी सखी सावित्री भी तेरे साथ वहाँ जायेगी| पुत्रमुख दर्शन तक ही तेरा यह शाप रहेगा, तदन्तर तू यहाँ वापस लौट आयेगी|

शापवश सरस्वती मर्त्यलोक में हिरण्यवाह नदी के पश्चिमी किनारे पर स्वर्ग से जा उतरी|
हिरण्यवाह को शोण नद भी कहते है जो आज कल सोन नदी के नाम से विख्यात हैं|
वहाँ की रमणीयता से मुग्ध हो वहीं पर्णकुटी बनाकर सावित्री के साथ रहने लगी|
इस प्रकार कुछ वर्ष व्यतीत हुए|


एक दिन कोलाहल सुन दोनों ने कुटिया के बाहर आकर देखा|
हजार सैनिकों के साथ एक अश्वारोही युवक उधर से गुजर रहा था|
सरस्वती के सौंदर्य पर वह राजकुमार मुग्ध हो गया और यही हालत सरस्वती की भी थी|
वह राजकुमार और कोई नहीं, महर्षि च्यवन और महाराज शर्यातपुत्री सुकन्या का पुत्र राजकुमार दधीच था|  च्यवनाश्रम शोण नदी के पश्चिमी तट पर दो कोश दूर था| दोनों के निरंतर मिलन स्वरूप प्रेमाग्नि इतनी प्रवल हुई कि दोनों ने गांधर्व विवाह कर लिया और पति-पत्नी रूप जीवन-यापन करने लगे|
जब घनिष्ठता और बढ़ी तो सरस्वती ने अपना परिचय दिया| सरस्वती एक वर्ष से ज्यादा दिन तक साथ रही| फलतः उसने एक पुत्र-रत्न जना| पुत्रमुखदर्शनोपरांत सरस्वती अपने पुत्र को सर्वगुणसंपन्नता का वरदान देकर स्वर्ग वापस लौट गयी| पत्नी वियोगाग्नि-दग्ध राजकुमार दधीचि ने वैराग्य धारण कर लिया| अपने पुत्र को स्वभ्राता-पत्नि अक्षमाला को पालन पोषण के लिए सौंप कर युवावस्था में ही तपश्चर्या के लिए च्यवन कानन में प्रवेश कर गए|

अक्षमाला भी गर्भवती थी| उसे भी एक पुत्र हुआ| सरस्वती के पुत्र का नाम सारस्वत पड़ा और अक्षमाला के पुत्र का नाम पड़ा “वत्स”| अक्षमाला ने अपना दूध पिलाकर दोनों बालकों का पुत्रवत पालन पोषण किया| एक ही माता के दुग्धपान से दोनों में सहोदर भ्रातृवत सम्बन्ध हो गया|
अपनी माता सरस्वती देवी के वरदान से सारस्वत सभी विद्याओं में निष्णात हो गए और इतनी क्षमता प्राप्त कर ली कि अपना पूरा ज्ञान, कौशल और सारी विद्याएँ अपने भाई वत्स के अंदर अंतर्निहित कर दी| परिणामस्वरूप वत्स भी सरस्वती देवी प्रदत्त सारी विद्याओं में निष्णात हो गए|
वत्स में सर्व विद्या अर्पण कर च्यावानाश्रम के पास ‘प्रीतिकूट’ नामक ग्राम में उन्हें बसाकर सारस्वत भी अपने पिता का अनुशरण कर च्यवन कानन में तपस्या करने चले गए|

युगोपरांत कलियुग आने पर वत्स वंश संभूत ऋषियों ने ‘वात्स्यायन’ उपाधि भी रखी|
वात्स्यायन ऋषि रचित ‘कामसूत्र’ जग प्रसिद्ध है|
वत्स वंश में बड़े-बड़े धीर-विज्ञ गृहमुनि जन्मे जो असाधारण विद्वता से पूर्ण थे|
ये किसी और ब्राह्मण की पंक्ति में बैठकर भोजन नहीं करते थे (विवर्जितः जनपंक्त्यः)|
अपना भोजन स्वयं पकाते थे (स्वयंपाकी)|
दान नहीं लेते थे, याचना नहीं करते थे (विधूताध्येषनाः)|
स्पष्टवादी तथा निर्भीक शास्त्रीय व्यवस्था देने के अधिकारी थे| कपट-कुटिलता, शेखी बघारना, छल-छद्म और डींग हांकने को वे निष्क्रिय पापाचार की श्रेणी में गिनते थे| निःष्णात विद्वान, कवि, वाग्मी और नृत्यगीतवाद्य आदि सभी ललित कलाओं में निपुण थे|

कालक्रमेण कलियुग के आने पर वत्स-कुल में कुबेर नामक तपस्वी विद्वान पैदा हुए जिनकी चरणकमलवंदना तत्कालीन गुप्तवंशीय नृपगण करते नहीं अघाते थे :-

“बभूव वात्स्यायन वंश सम्भ्वोद्विजो जगद्गीतगुणोग्रणी सताम|
अनेक गुप्ताचित पादपंकजः कुबेरनामांश इवस्वयंबभूवः||” (कादम्बरी)

कुबेर के चार पुत्र – अच्युत, ईशान, हर और पाशुपत हुए| पाशुपत को एक पुत्र अर्थपति हुए जो बड़े महात्मा और ब्राह्मणों में अग्रगण्य थे| अर्थपति के एकादश पुत्र भृगु,हंस, शुचि आदि हुए जिनमे अष्टम थे चित्रभानु| इसी भाग्यवान चित्रभानु ने राजदेवी नामधन्य अपनी ब्राह्मण धर्मपत्नी के गर्भ से पाया एक पुत्र रत्न जिसका नाम था वाण जिसने वात्स्यायन से बदलकर भट्ट उपाधि रखी और वाणभट्ट बन गए| वाणभट्ट की युवावस्था उछ्रिंखलता, चपलता और इत्वरता (घुमक्कड़ी) से भरी थी|
अंततः वर्षों बाद अपनी जन्मस्थली प्रीतिकूट ग्राम लौट आये| कालक्रम से महाराजा हर्षदेव से संपर्क में आने के बाद उन्होंने ‘हर्षचरित’ की रचना की|

वत्स/वात्स्यायन गोत्र का भौगोलिक स्थान

600 वर्ष ई.पू. जो पौराणिक भारतीय इतिहास की महत्वपूर्ण विभाजन रेखा है, में वत्स प्रदेश अतिमहत्वपूर्ण 16 महाजनपदों में से एक था जो नीचे दिये गए मानचित्र में अच्छी तरह प्रदर्शित है|
वत्स साम्राज्य गंगा यमुना के संगम पर इलाहबाद से दक्षिण-पश्चिम दिशा में बसा था जिसकी राजधानी कौशाम्बी थी| पाली भाषा में वत्स को ‘वंश’ और तत्सामयिक अर्धमगधी भाषा में ‘वच्छ’ कहा जाता था| यह अर्धमगधी का ही प्रभाव है कि ‘वत्स गोत्रीय’ भूमिहार ब्राह्मण अनंतर में ‘वछगोतिया’ कहलाने लगे| छठी शताब्दी ई.पू. के सीमांकन के अनुसार वत्स जनपद के उत्तर में कोसल, दक्षिण में अवंती, पूरब में काशी और मगध, तथा पश्चिम में मत्स्य प्रदेश था|


बिहार में वत्स गोत्र का इतिहास/स्थान

कालक्रम से वत्स गोत्र का केंद्रीकरण मगध प्रदेश में शोनभद्र के च्यवनाश्रम के चतुर्दिक हो गया क्योंकि इसका प्रादुर्भाव च्यवनकुमार दधीच से जुड़ा हुआ था| मगध प्रदेश में काशी के पूरब और उत्तर से पाटलीपुत्र पर्यंत अंग प्रदेश से पश्चिम तक वत्स गोत्रीय समाज का विस्तार था| सम्प्रति वत्स गोत्र उत्तर प्रदेश के शोनभद्र से लेकर गाजीपुर तक तथा गया-औरंगाबाद में सोन नदी के किनारे से लेकर पटना, हजारीबाग, मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी-गोरखपुर तक फैला हुआ है|
पुरातन कालीन ‘प्रीतिकूट’ ग्राम आज का ‘पीरू’ गांव सिद्ध हो चुका है, (माधुरी पत्रिका 1932 का अंक) जो हिंदू समाज से उपेक्षित हो अपने दुर्भाग्य पर रो रहा है क्योंकि तत्कालीन प्रीतिकूट आज का ‘पीरू बनतारा’ है|
यह प्राचीन च्यवनाश्रम से पश्चिम करीब चार मील की दूरी पर स्थित है| इसके पास ही 6 मील पूरब बनतारा गांव अवस्थित है| कालक्रम से प्रीतिकूट ‘पीयरू’ और तदन्तर ‘पीरू’ बन गया| च्यवनाश्रम के चतुर्दिक वात्स्यायन ब्राह्मण (वछ्गोतिया, सोनभदरिया) के गांव बहुसंख्यक रूप में पाए जाते हैं|
शोन तटवासी होने के कारण ये सोनभद्र/सोनभदरिया कहलाते हैं|
इस्लामीकरण का इतिहास

मुस्लमान बादशाह खासकर हिंदुओं को जबरदस्ती इस्लाम धर्म अपनाने के लिए दो तरीके अपनाते थे|
एक किसी जुर्म की सजा के बदले और दूसरा जजिया टैक्स नहीं देने के का| जजिया का अर्थ फिरौती Extortion Money रंगदारी, हफ्ता या poll tax है जो गैर मुस्लिमों से उनकी सुरक्षा के बहाने से लिया जाता है| यह प्रथा अभी भी पाकिस्तान में खासकर हिंदुओं के खिलाफ प्रचलित है| पिछले वर्ष अनेक हिंदुओं को इसलिए मार दिया गया क्योंकि वे अपनी गरीबी के कारण जजिया कर देने में असमर्थ थे| जिन लोगों पर जजिया का नियम लागू होता है उनको जिम्मी “कहा जाता है|
अर्थात सभी गैर मुस्लिम जिम्मी है जजिया की कोई दर निश्चित नहीं की गई थी ताकि मुसलमान मनमाना जजिया वसूल कर सकें| प्रोफेट मुहम्मद ने जजिया टैक्स को कुरान में भी लिखवा दिया ताकि मुस्लमान बादशाह इसे धार्मिक मान्यता के अधीन वसूल कर सके|
बादशाहों ने इस टैक्स से अपना घर भरना, और नहीं देने पर लोगों को मुसलमान बनने पर मजबूर करना शुरू कर दिया|
मुहम्मद की मौत के बाद भी मुस्लिम बादशाहों ने यही नीति अपनाई|
जजिया के धन से गैर मुसलमानों को सुरक्षा प्रदान करना मकसद था लेकिन मुसलमान बदशाह उस धन को अपने निजी कामों, जैसे अपनी शादियों, हथियार खरीदने, और दावतें करने और ऐश मौज करने में खर्च किया करता था| बीमार, गरीब, और स्त्रियों को भी नहीं छोड़ते थे और जो जजिया नहीं दे सकता था उसकी औरतें उठा लेते थे| यहांतक क़त्ल भी कर देते थे| जजिया तो एक बहाना था|
मुहम्मद लोगों को इस्लाम कबूल करने पर मजबूर करना चाहता था जैसा मुसलमानों ने भारत में किया| औरंगजेब के शासनकाल में पीरू बनतारा आदि गाँवों के वछ्गोतिया ब्राह्मण का 1700-1712 के बीच इस्लामीकरण इसी परिप्रेक्ष्य में हुआ| पीरू के पठान एक समय बम्भई ग्रामवासियों के नजदीकी गोतिया माने जाते थे जिसका साक्ष्य आज भी किसी न किसी रूप में उपलब्ध है|
बम्भई और पीरू के बीच तो भाईचारा (भयियारो) अभी तक चल रहा है|
विवाह में शाकद्वीपीय ब्राह्मण पुरोहित भी आशीर्वाद देने और दक्षिणा लेने जाते हैं और उन्हें वार्षिक वृति भी मिलती है और विवाह में पांच सैकड़ा नेग भी|
औरंगजेब की मृत्यु (1707) तक और बहादुर शाह के जजिया टैक्स देने के फरमान पर केयालगढ़पति ज़मींदार वछ्गोतिया/सोनभदरिया भूमिहार ब्राह्मण अड़ गए|
यह समझा जा सकता हैं कि जजिया कर नहीं देने का निश्चय कितना साहसी और खतरनाक निर्णय था| यह सरकार के खिलाफ बगावत थी जो इने-गिने जान जोखिम में डालने वाले लोग ही कर सकते थे| इस बगावत के चलते केयालगढ़ को ध्वस्त कर दिया गया और बागियों को पिघलते लाह में साटकर मार दिया गया| जबरन लोगों को मुसलमान बनाना शुरू कर दिया गया|
केयालगढ़ी पूर्वज कमलनयन सिंह ने बाकी परिवार को धर्म परिवर्तन से बचाने के लिए एक योजना बनाई| उन्होंने निश्चय किया कि वे धर्म परिवर्तन कर लेंगे और अपनी जमींदारी परिवार के लोगों में बाँट देंगे ताकि वे हिंदू बने रहें| इस योजनानुसार अपने भाई के साथ दिल्ली गए और धर्म बदलकर एक भाई मुस्लिम शाहजादी से शादी कर दिल्ली में ही रह गए|

कमलनयन सिंह उर्फ अबुल नसीर खान धर्म परिवर्तन के बाद वापस लौट जमींदारी बाकी परिवार में बांटकर डिहरी गांव अपनी बहन को खोइंछा में देकर जिंदगीभर बम्भई में ही रहे| उनके चचेरे भाईओं नें उन्हें जिंदगी भर अपने साथ ही रखा| वहाँ एक कुआँ भी बनवाया| उनकी कब्र बाबू राम कृष्ण सिंह के हाते में अभी भी दृष्टिगोचर होती है जहां कृतज्ञतावश सब वछ्गोतिया परिवार अभी भी पूजते हैं|
उनके दो लड़के हुए – नजाकत चौधरी और मुबारक चौधरी| उनलोगों को धोबनी मौजा मिला|
लेकिन बेलहरा के जमींदार ब्राह्मण यशवंत सिंह के बहुत उपद्रव करने पर उनके चचेरे भाईओं ने कहा कि तब आप पुरानी डीह प्रीतपुर में जो चिरागी महल है, जाकर बस जाईये| नजाकत चौधरी प्रीतपुर में पुराने गढ़ पर और मुबारक चौधरी बनतारा में जा बसे| वहाँ उनके स्मारक की पूजा लोग अभी तक करते हैं| जब लोग अमझर के पीर को पूजने लगे तब प्रीतपुर का नाम बदलकर ‘कमलनयन-अबुलनसीरपुर पीरु’ रख दिया गया| खतियान में अभी भी यही चला आ रहा है| धीरे-धीरे लोग प्रीतपुर नाम को भूलते गए और पीरू का नाम प्रचलित हो गया| चूंकि पीरू और बनतारा दोनों में में एक ही बाप के दो बेटों की औलादें बस रही हैं इसलिए दोनों गांवों को एक ही साथ बोलते हैं ‘पीरू बनतारा'|
वत्स गोत्रीय/वात्स्यायनों के मुख्य दो ही गढ़ थे – केयालगढ़ और नोनारगढ़
कारण पता नहीं लेकिन नोनारगढ़ी सोनभदरिया/बछ्गोतिया ब्राह्मण अपने को केयालगढ़ी से श्रेष्ठ मानते हैं| ये दोनों गढ़ भी आजकल ध्वंसावशेष रूप में च्यवनाश्रम (देकुड़/देवकुंड/देवकुल)के आस-पास ही दो तीन कोस की दूरी पर हैं|

सोनभदरिया वत्स गोत्रीय लोगों के पूर्वजों के ही दो-दो देवमंदिर – देव का सूर्यमंदिर और देवकुल का शिवमंदिर देश में विख्यात हैं| देव के मंदिर के सरदार पंडा अभी तक सोनभदरिया/बछ्गोतिया ही होते चले आ रहे हैं|
शोनभद्र नदी के किनारे बसे रहने वाले वत्स गोत्रीय भूमिहार शोनभद्र (सोनभदरिया) कहलाये और अर्धमगधी भाषाभासी वत्सगोत्रीय बछगोतिया बगौछिया, दोनवार, जलेवार, शमसेरिया, हथौरिया, गाणमिश्र, गगटिकैत और दनिसवार आदि भूमिहार ब्राह्मण कहलाये लेकिन दोनों का मूल उद्गम स्थल केयालगढ़ या नोनारगढ़ ही था|
वत्स प्रतिज्ञा

जैसा कि पहले ही कहा जा चुका है, वत्स अपने वादे और वचनबद्धता के लिए विख्यात थे|
अपनी वचनबद्धता कायम रहे इसके लिए सुविख्यात वत्स सम्राट ‘आदर्श द्वितीय’ ने “वत्स-प्रतिज्ञा” कि प्रथा आरंभ की थी| यह एक शपथ के रूप में ली जाती थी| वत्स महाजनपद के ह्रास के साथ ही वत्स प्रतिज्ञा संस्कृति का भी ह्रास हो गया|

आदित्य तृतीय की पहली लिखित प्रतिज्ञा निम्नलिखित है:-

“आर्य जातीय वत्स गोत्रोत्पन्न मै ‘आदित्य त्रितीय’ 206वीं शपथ लेता हूँ कि मैं अपनी मृत्यु तक प्रजा की रक्षा तबतक करूँगा जबतक मेरे कुल-गोत्र की सुरक्षा प्रभावित न हो”|
यहाँ यह ध्यान देने योग्य है कि वत्स गोत्र में अपने कुल-गोत्र की रक्षा की भावना सर्वोपरी थी|

अन्य प्रान्तों में वत्स गोत्रीय समुदायों की उपाधियाँ

• बालिगा

• भागवत

• भैरव

• भट्ट

• दाबोलकर

• गांगल

• गार्गेकर

• घाग्रेकर

• घाटे

• गोरे

• गोवित्रिकर

• हरे

• हीरे

• होले

• जोशी

• काकेत्कर

• काले

• मल्शे

• मल्ल्या

• महालक्ष्मी

• नागेश

• सखदेव

• शिनॉय

• सोहोनी

• सोवानी

• सुग्वेलकर

• गादे

• रामनाथ

• शंथेरी

• कामाक्षी

600वीं शदी ई.पू. के सोलह महाजनपद

हालाँकि 600वीं शदी ई.पू. के जनपदों कि संख्या अठारह थी परन्तु महाजनपदों में निम्नलिखित सोलह की ही गणना होती थी (चेति और सूरसेन महाजनपद की श्रेणी में नहीं थे) :-

1. अंग

2. कौशल

3. मल्ल

4. काशी

5. वत्स

6. मगध

7. विज्जी

8. विदेह

9. कुरु

10. पांचाल

11. मत्स्य

12. अस्मक

13. अवंती

14. कुंतल

15. गांधार

16. कम्बोज

अन्य जातियों में वत्स गोत्र

हालांकि ब्राह्मणों (भूमिहार ब्राह्मण सम्मिलित) के अलावा अन्य जातियों में गोत्र प्रथा अनिवार्य नहीं है फिर भी कतिपय प्रमुख जातियों में गोत्र परंपरा देखी जाती है इनके गोत्र, 'गोत्र-ऋषि उत्पन्न' नहीं वल्कि गोत्र-आश्रम आधारित हैं अर्थात जिस ऋषि आश्रम में वे संलग्न रहे उन्होंने उसी ऋषि-गोत्र को अपना लिया|
इसी सिद्धांत पर कुछ क्षत्रिय परिवारों में वत्स गोत्र पाया जाता है| यही सिद्धांत अन्य कुछ जातियों में भी प्रचलित है| इस तरह वत्स गोत्र अंकुरित, पल्लवित, पुष्पित एवं फलित हो दिन-दूनी और रात-चौगुनी विकास पथ पर अग्रसर होता चला जा रहा है|
मै एक विनीत वत्स गोत्रीय सोनभद्रीय सदस्य इसके सतत उत्तरोत्तर उन्नति की कामना करता हूँ|
ईश्वर हमें सद्बुधि दे और सदा सन्मार्ग पर चलने की प्रेरणा दे|
"तमसो मा ज्योतिर्गमय, असतो मा सद्गमय"
ईश्वर हमें अंधकार(अज्ञान) से प्रकाश(ज्ञान) की ओर एवं असत्य से सत्य की ओर ले चले|
ले.कर्नल विद्या शर्मा, (से.नि)





















Friday, January 4, 2013

समृद्धि के बीच विकास की बाट जोहता ग्राम गुलजाना...







गुलजाना गांव की पाती....

1. गुलजाना ग्राम भौगोलिक दृष्टि से इस धरा पर 240 57’43” डिग्री N अक्षांश तथा 84054’09” डिग्री E देशांतर पर अवस्थित है| समुद्र तल (Mean Sea Level)से इसकी ऊंचाई 92 मीटर है| जिला मुख्यालय गया शहर से 32 कि.मी उत्तर–पश्चिम दिशा में, प्रखंड एवं अनुमंडल शहर टिकारी से 6.5 कि.मी पूरब तथा बिहार प्रान्त की राजधानी पटना से 85 कि.मी. दक्षिण, पटना– गया रेलवे लाइन पर बेलागंज रेलवे स्टेशन से 8 कि.मी पश्चिम, बेलागंज – टिकारी रोड पर अवस्थित है|


2. गुलजाना उत्तर मे ग्राम भवनपुर, पूरब में ग्राम सिन्दानी तथा ग्राम बेलाढ़ी, दक्षिण में ग्राम मुस्सी और ग्राम पूरा एवं पश्चिम में ग्राम अलालपुर से घिरा है| गुलजाना को, सटे पूरब से बुढ़नदी तथा दक्षिण और पश्चिम से दरधा नदी अपने बाहुपाश में आलिंगित किये है जो एक दैविक वरदान ही है|
इतना ही नहीं, गुलजाना को सटे उत्तर-पूरब से पश्चिम की तरफ बेलागंज-टिकारी सड़क का प्राकृतिक वरदान भी प्राप्त है| ऐसा है हमारा सुन्दर, सुरम्य, मनोरम एवं यातायात सुलभ ग्राम गुलजाना!!!


3. गुलजाना का प्रशासनिक नियंत्रण गया जिला, टिकारी अनुमंडल, प्रखंड एवं थाना तथा पूरा पंचायत और अर्क ढिबरिया डाक घर के अधीन आता है| गुलजाना का सर्वे (Cadastral Map) संख्या 124 है तथा राजस्व हलका सं 5 है| अतः गुलजाना एक स्वतंत्र राजस्व ग्राम है| वर्ष 2010 के विधानसभा चुनाव के अनुसार गुलजाना टिकारी विधानसभा क्षेत्र सं 231 के अंतर्गत बूथ सं 253 में आता है| कुल मतदाताओं की संख्या 649, भूमिहार मतदाताओं की सं 335, कुल गृहों की सं 163 तथा भूमिहार गृहों की सं 71 है|
कुल पुरुष मतदाता 353 और महिला मतदाता 296 हैं, यद्यपि बाहर रहने वाले सभी गुलजाना बासियों को जोड़ने पर इसकी जनसँख्या 1487 के करीब हो जाती है|


4. जैसा कि नाम से ही स्पष्ट होता है, “गुलजाना” एक उर्दू शव्द है जिसका अर्थ है ‘फूल सा प्यारा” तथा गुलजाना का एक और अर्थ है “पुष्प-जनित”(Born out of flowers)| पुराने सर्वे नक़्शे में “गुलजाना” का नाम “गुल्जना” भी देखा जा सकता है जिसका अर्थ “पुष्प-जनित” ही है| गुलजाना के कुछ घरों और बाध-बधार के कुछ नामों से भी भी पता चलता है कि इस गाँव में मुस्लिम आबादी थी, उदाहरणार्थ –‘साईं घर’,“रोज़ा पर’’ आदि| गाँव से सटे पईन के पूरब और रोज़ा पर से सटे पश्चिमोत्तर के खाली गड्ढे में मुस्लिम कब्रिस्तान के लक्षण पाए गए थे जो इस बात को सिद्ध करने के लिए काफी हैं कि गुलजाना में मुस्लिम आबादी थी|


5. तीस के दशक से ही भारतीय स्वतंत्रता की उत्तरोत्तर बढ़ती आगमन ध्वनि, तदोपर मुहम्मद अली जिन्नाह का भारतीय मुसलमानों को स्वतंत्र भारत के परिप्रेक्ष में भयाक्रांत करना तथा कुछ मुसलमानों का सिर्फ अपने बिरादरी में रहने की इच्छा जैसे कुछ ऐसे सवाल थे जिससे कुछ मुसलमान गांवों से अपनी ज़मीं-जायदाद समेट कर या तो मुस्लिम बहुल गांवों में रहने चले गए या सरो-सामान बांधे अवश्यम्भावी पाकिस्तान को रुख किये बेसब्री से इंतज़ार करने लगे| गुलजाना भी इस सिद्धांत का अपवाद नहीं था| यहाँ के मुसलमान भी खरामा-खरामा अपनी जायदाद राज़ी-खुशी से समेट कर हरे भरे मैदान (Greener Pastures) के रुख हो लिए| हाँ, यह अलग चिंतन का विषय है कि क्या वे आज पाकिस्तान या बंगलादेश में अपनी हिन्दुस्तानी बिरादरी के बनिस्पत ज्यादा स्वन्त्रत और खुशहाल हैं?

6. सिन्दानी जैसे मुस्लिम बहुल गांवों से भी अपनी जायदाद गुलजाना के भूमिहारों को बेच कर मुसलमानों का प्रयाण दो बातें सिद्ध करती हैं| एक तो यह कि उन्होंने भवनपुर, मुस्सी और पूरा के भूमिहारों के मुकाबले गुलजाना के भूमिहारों को ज़मीनें बेचना पसंद किया| यह सिर्फ तभी संभव है जब गुलजाना में हिंदू-मुस्लिम सम्बन्ध बहुत स्नेहपूर्ण रहा हो| दूसरा यह कि उन गांवों में भूमिहार पहले से बसे हों और ज़मीन की भूख और ज़रूरत उन्हें गुलजाना के मुकाबले कम हो| गुलजाना में भूमिहार, कायस्थ, बढ़ई, तेली, यादव, दुसाध (पासवान),मुसहर और डोम जाति के लोग सौहार्दपूर्ण वातावरण में रहते हैं|

शैक्षणिक एवं आर्थिक विकास

7. 649 मतदाता वाला छोटा ग्राम होते हुए भी गुलजाना ने शिक्षा के क्षेत्र में अविश्वसनीय उपलब्धि कायम की है| इसने 11 राजपत्रित पदाधिकारी (जिसमे 1 आई.ए.एस, 2 सेना के पिता पुत्र ले.कर्नल, और 8 इंजिनियर आदि अन्य अफसर), 3 आईआईटियन मिलाकर 30 अन्य इंजीनियर, 1 डाक्टर, 4 एल.एल.बी, 7 एम.बी.ए, 8 मर्चेन्ट नेवी अफसर, 9 होटेल मैनेजर, 2 लेक्चरर, 6 एम.ए और 120 स्नातक पैदा कर एक आदर्श उपस्थित किया है| इस उपलब्धि में हर वर्ण के लोगों का हाथ है| इस ग्राम ने इतने इंजिनियर पैदा किये हैं जितना शायद कुल मिलाकर एक जिला मुख्यालय में होते हों!!!

राजकीय सहायता और विकास

8. आज़ादी के बाद आज के सुशासन सरकार को मिलाकर सरकारी संरचनाओं का विकास गुलजाना में नगण्य सा है| विकास के नाम पर गुलजाना के दरधा और बुढ़नदी पर बनने वाला पुल पिछले सात वर्षों से सरकारी अक्रमण्यता के चलते विकास रूपी धराशायी भीष्म के वक्ष में चुभे अर्जुन के तीर सा लटका ग्रामवासियों के वक्ष में चुभ रहा है| पुल निर्माण दिसंबर 2008 में पूरा हो जाना था| अगले चुनाव की पृष्ठभूमि में जल्दी काम पूरा करने की घोषणा वाली नींद की गोली हाल ही में मंत्री और स्थनीय विधायक द्वारा दी जा चुकी है ताकि चुनाव तक जनता निद्रावस्था कि आत्ममुग्धताकि स्थिति में पड़ी रहे| सिंचाई सुविधा के नाम पर दर्धा नदी पर एक चार फीट ऊँचा बांध बनाया गया है जिसका पहला लाभुक गुलजाना गांव है लेकिन ‘अति विशेषज्ञ’ लघु सिंचाई विभाग के अभियंताओं की विलक्षण सर्वेक्षण योग्यता के चलते गुलजाना के खेतों की उंचाई बांध की उंचाई से ज्यादा है| योजना फिर भी स्वीकृत हुई और कार्य संपन्न हुआ| जन निधि का ऐसा समुचित उपयोग(या उपभोग) सुनने को कहाँ मिलता है? आखिर किसी की जवाबदेही तो तय होनी चाहिए थी| मामला मुख्य मंत्री दरबार तक भी पहुंचा था लेकिन नक्कारखाने में तूती की आवाज कहाँ सुनाई पड़ती है(Regn No 00000-1904100005)
जुलाई से नवम्बर तक यह गांव अपने प्रखंड टिकारी से कटा रहता है और पदाधिकारियों को चार महीने तक विकास कार्य नहीं करने का प्राकृतिक बहाना भी मिल जाता है| इस गांव का दुर्भाग्य ही कहा जायगा कि आजतक किसी भी सरकारी पदाधिकारी का पदार्पण(डी.एम.,एस.डी.ओ या बी.डी.ओ) इस ग्राम में विकास कार्य के लिए नहीं हुआ है, हालाँकि सुना जाता है कि “सरकार आपके द्वार” सरीखा जनाकर्षक कार्यक्रम मीडिया में बहु-प्रचारित है और राजधानी पटना के गलियारों में इस गांव का भी समुचित विकास हो ही रहा होगा| जिला स्तर का कोई भी उच्च अधिकारी अगर इस ग्राम में आ जाए तो तमाम सरकारी विकास योजनाओं की पोल खुल जाए| भानुमती का पिटारा खोले तो कौन???
9. यह एक अत्यंत दुर्भाग्य और आश्चर्य की ही बात है की बेला-टिकारी पथ पर होने के बावजूद भी इस गांव में पहुँच पथ नहीं है| अगर आम जनता चाहे तो कोई भी सरकारी व्यक्ति/वाहन पथ के अभाव में निजी भूमि से इस गांव में नहीं पहुँचने दे सकता लेकिन प्रशासन के कान में शायद अभी भी तेल ताजा है|


गुलजाना ग्राम की समग्र जानकारी के लिए www.guljana.weebly.com और www.guljanablogspot.com देखें
(ले.कर्नल विद्या शर्मा, से.नि)